निशांत की जय जयकार, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर लगी औपचारिक मुहर

जद(यू) राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठक संपन्न

राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन का सर्वसम्मति से अनुमोदन




पटना 21 जून 2026।। रविवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद एवं राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक के प्रथम चरण में राज्य परिषद की बैठक संपन्न हुई, जिसमें उमेश सिंह कुशवाहा के लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर राज्य परिषद द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया. वहीं, द्वितीय चरण में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर राष्ट्रीय परिषद ने सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया. इस बैठक में 19 राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया जिसकी संख्या 223 है.

राज्य परिषद की बैठक में मंत्री अशोक चौधरी ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन मंत्री शीला मंडल ने किया. बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन मंत्री श्रवण कुमार ने किया। वहीं, राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने किया. संगठनात्मक प्रस्ताव राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद ने प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन लेसी सिंह ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव बिहार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रस्तुत किया.

राष्ट्रीय परिषद द्वारा उनके निर्वाचन के अनुमोदन पर नीतीश कुमार ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि जद (यू) ने न्याय के साथ विकास’ की लड़ाई लड़कर जदयू जनता के दिलों में जगह बनाई, जिसके परिणामस्वरूप आज पार्टी के प्राथमिक सदस्यों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो चुका है . उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि बिहार में एनडीए सरकार ‘सात निश्चय- 3’ सहित जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है तथा केंद्र सरकार का भी निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य और केंद्र के समन्वित प्रयासों से बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी विकसित राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा.

कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि हमारे सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार ने अपने अथक परिश्रम, संघर्ष और समर्पण से जद (यू) को मजबूत पहचान प्रदान की है. उनकी नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व की बदौलत आज हर बिहारवासी देश-दुनिया में गर्व के साथ अपनी पहचान प्रस्तुत करता है. उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की जो मजबूत नींव बनी है, वह नीतीश कुमार के नेतृत्व का ही परिणाम है. संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार की विकासवादी सोच और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में निशांत कुमार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उनकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है. उन्होंने कहा कि श्री निशांत कुमार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे बोलते कम हैं और काम अधिक करते हैं, अपनी इसी कार्यशैली की बदौलत आने वाले समय में निशांत बिहार की राजनीति के क्षितिज पर सबसे चमकते हुए सितारे बनकर उभरेंगे.

राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि साल 2005 में जब नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली, तब राज्य भारी आर्थिक बदहाली और कई बड़ी चुनौतियों से जूझ रहा था. लेकिन उनके नेतृत्व में बिहार ने इस तंगी से बाहर निकलकर विकास और सुशासन की एक नई पहचान बनाई. उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार की बेहतर आर्थिक और सामाजिक नीतियों के कारण ही आज जनता दल (यू0) एक मजबूत नींव पर खड़ा संगठन है. इसके साथ ही पूरी पार्टी में इस बात पर पूरी एकमत है कि नीतीश कुमार की इस विकासवादी विरासत को निशांत कुमार ही बढ़ाएंगे.
pncb

Related Post