रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड का सीआरएस निरीक्षण
हाजीपुर।। दरभंगा और समस्तीपुर के बीच रेल ट्रैक दोहरीकरण पूरा हो गया है. गुरुवार को रेलवे संरक्षा आयुक्त गुरू प्रकाश ने समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत नवनिर्मित 12 किमी लंबे रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड का रामभद्रपुर से थलवारा तक मोटर ट्रॉली द्वारा निरीक्षण किया.

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि मोटर ट्रॉली निरीक्षण के उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा थलवारा से रामभद्रपुर स्टेशनों के मध्य विशेष ट्रेन द्वारा 120 किमी की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल भी किया गया. इस अवसर पर समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा एवं निर्माण विभाग तथा समस्तीपुर मंडल के अधिकारीगण उपस्थित थे.

विदित हो कि 38 किमी लंबे समस्तीपुर-दरभंगा परियोजना के अंतर्गत अब तक 26 किलोमीटर रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूरा कर इसकी कमीशनिंग की जा चुकी है. आज इस परियोजना के अंतर्गत 12 किलोमीटर लंबे रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड का दोहरीकरण के पश्चात सीआरएस द्वारा निरीक्षण किया गया. इस प्रकार अब 38 किमी लंबे समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण का कार्य पूर्ण हो गया है.
pncb
