बिहार में छठ की धूम, सात समंदर पार भी गूंज रहे हैं – ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘पटना के घाट पर’
पटना। अजीत।। लोक आस्था का महापर्व छठ अब लोकल से ग्लोबल बन गया है। बिहार में गंगा घाटों से लेकर गांव-टोले तक ‘केलवा जे फरेला घवद से’ और शारदा सिन्हा के छठ गीतों की गूंज है, तो वही गूंज अब शिकागो, मस्कट, टोक्यो और मॉरीशस के समुद्र किनारों तक सुनाई दे रही है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद कहा – “छठ महापर्व आज लोकल से ग्लोबल पहचान बना चुका है। यूरोप, अमेरिका और एशिया के कोने-कोने से वीडियो संदेश आ रहे हैं।”


बिहार में क्या है धूम:
पूरा बिहार रोशनी और सूप-दौरा से सजा है. शाम के अर्घ्य के बाद अब सुबह का अर्घ्य देकर लोग इस महापर्व का समापन करेंगे। इस दौरान पटना में जिला प्रशासन ने छठ के मौके पर जेपी गगा पर जबरदस्त लेजर शो और लाइटिंग के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया.


विदेशों तक कैसे पहुंची गूंज:
1. अमेरिका – शिकागो और न्यू जर्सी: सीवान की प्रियंका सिंह और उनके पति राघवेंद्र सिंह शिकागो में नौकरी करते हैं, लेकिन हर साल विधि-विधान से छठ मनाते हैं। प्रियंका पारंपरिक छठ गीत भी गुनगुनाती हैं। न्यू जर्सी के मेटाचेन में प्रभा झा की कहानी मिसाल है, जहां अब 1000 से ज्यादा लोग दो घाटों पर छठ मनाते हैं, इसमें पाकिस्तानी और बांग्लादेशी परिवार भी अर्घ्य देते हैं।


2. ओमान – 2012 में हुई थी शुरुआत: खाड़ी देश ओमान के मस्कट, सोहार और सलाला के समुद्र तट अब छठ घाट बन गए हैं। इसकी शुरुआत सीतामढ़ी के सुतिहारा गांव निवासी राम कुमार शर्मा ने 2012 में की थी। जिंदल स्टील ओमान में जनरल मैनेजर राम कुमार ने पटना, भागलपुर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर के साथियों के साथ मिलकर पहली बार सोहार बीच पर छठ किया था, आज हजारों प्रवासी वहां जुटते हैं.

3. जर्मनी में गर्म टब में अर्घ्य: फ्रैंकफर्ट में कड़ाके की ठंड में तापमान 1-2 डिग्री होता है, वहां व्रतियों के लिए मंदिर परिसर में बड़े प्लास्टिक टब में गर्म पानी भरकर अर्घ्य की व्यवस्था की जाती है, फिर भी ‘मारबो रे सुगवा धनुख से’ गीतों की गूंज थमती नहीं। ca48
4. जापान और मॉरीशस: जापान, उगते सूरज का देश, सबसे पहले अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देता है। टोक्यो में गया के उत्सव सिंह ने ठेकुआ बनाकर खरना पूजा की। मॉरीशस में तो बिहारी विरासत गहरी है, 1834 से ही भोजपुरी गीतों के साथ छठ मनाया जा रहा है.

छठ गीत बने ग्लोबल सुपरहिट:
पलक मुच्छल और पवन सिंह का ‘सिपली बयरिया शीतल दूजे पनिया’ विदेशों में भी सबसे ज्यादा बजने वाला छठ गीत है, यूट्यूब पर 250 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। हर घाट पर आज यही गीत और शारदा सिन्हा के स्वर गूंज रहे हैं.

बिहार की मिट्टी की यह खुशबू साबित कर रही है कि दूरी चाहे कितनी भी हो, अपनी संस्कृति से जुड़ाव कम नहीं होता.
