मेट्रो का प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन खेमनीचक तैयार
2027 के मध्य तक मीठापुर तक सफर कराने की तैयारी

पटना।। पटना मेट्रो का काम एक बार फिर जोर पकड़ रहा है. सरकार ने मेट्रो के लिए 628.32 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं जिससे काम में तेजी आई है. इसी साल अक्टूबर में खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन शुरू हो जाएगा. मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक खेमनीचक में दोनों रूट का काम पूरा होने के साथ आम लोगों के लिए खोला जाएगा. यह स्टेशन तीन तल का है. इससे कॉरिडोर वन और कॉरिडोर टू के हिस्से में लोग गाड़ियां बदल सकेंगे. यहां से 2 रूट मिलेंगे – एक मलाही पकड़ी और दूसरा मीठापुर. हालांकि मीठापुर तक का सफर करने के लिए अभी इंतजार करना होगा.

मेट्रो के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मीठापुर से खेमनीचक तक एलिवेटेड ट्रैक का सुपर स्ट्रक्चर बनकर तैयार है. इसमें चार स्टेशन हैं. इन स्टेशनों का निर्माण कार्य चल रहा है. सिविल वर्क सहित ट्रैक, एस्कलेटर, लिफ्ट सहित अन्य कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है. इसको जून 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. इस रूट पर यात्रियों को मीठापुर, रामकृष्ण नगर, जगनपुरा और खेमनीचक स्टेशन पर उतरने-चढ़ने की सुविधा मिलेगी.

खेमनीचक से मीठापुर तक 3.1 किमी लंबा एलिवेटेड ट्रैक बन रहा है. ये रूट यात्रियों की संख्या के मामले में अपेक्षाकृत ज्यादा व्यस्त होगा और यही वजह है कि पटना मेट्रो ने इस रूट के लिए पुणे से तीन सेट ट्रेन का ऑर्डर दिया है जो सभी 6 बोगी वाली होगी. ये तीनों सेट मेट्रो ट्रेन दिसंबर तक मिल जाने की उम्मीद है.

मेट्रो में आगे और क्या!!
जानकारी के अनुसार मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक नवंबर में अंडरग्राउंड टनल बनकर तैयार होगी. अभी करीब 100 मीटर का निर्माण बचा है. इसमें राजेंद्रनगर, मोइनुल हक स्टेडियम, पटना विवि, PMCH, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन शामिल हैं. इसकी लंबाई 10.54 किमी है. इसके सिविल वर्क सहित अन्य अलग-अलग कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है. इसको वर्ष 2028 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. पटना मेट्रो की कुल लंबाई 32.50 किमी है. इसमें दानापुर से पटना सिटी तक का एरिया शामिल है. सगुना मोड़ से रुकनपुरा तक एलिवेटेड ट्रैक का काम जारी है जबकि पटना जंक्शन से मीठापुर को जोड़ने के लिए अंडरग्राउंड टनल बननी है. इसका काम अभी शुरू नहीं हुआ है.
pncb
