पटना में बनेंगे 12 कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और 15 वेंडिंग जोन, 30 साल की लीज पर होगा आवंटन

नगर निगम ने NBCC से किया समझौता- 8 मंजिला तक बनेंगी इमारतें

पटना।। राजधानी पटना की सड़कों को जाम से मुक्त कराने और फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए पटना नगर निगम ने बड़ा प्लान तैयार किया है. नगर निगम ने भारत सरकार की एजेंसी NBCC के साथ समझौता किया है. इसके तहत शहर में 12 जगहों पर बहुमंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और 15 जगहों पर आधुनिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे.




इस प्रोजेक्ट पर करीब 365 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसमें वेंडिंग जोन पर 40 करोड़ और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स पर 325 करोड़ खर्च होने का अनुमान है.

अब 8 मंजिला तक बनेंगी इमारतें
पहले इन संपत्तियों के विकास पर करीब 261 करोड़ खर्च होने का अनुमान था, लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नक्शे में बदलाव किया गया है. अब भवनों में बेसमेंट, पार्किंग और ग्राउंड फ्लोर के साथ आठ मंजिला तक निर्माण की योजना है. 12 प्रमुख भवनों के निर्माण पर संशोधित बजट के तहत 325 करोड़ खर्च होगा.

निगम को 502 करोड़ की कमाई का अनुमान
मोनेटाइजेशन के बाद शुरुआती तीन बड़े प्रोजेक्ट्स से ही निगम को 502 करोड़ प्राप्त होने की उम्मीद है. जिससे लागत निकालने के बाद भी निगम को 177 करोड़ से अधिक का शुद्ध लाभ होगा. इसके साथ ही वेंडरों और व्यवसायियों को 30 साल की लीज पर आवंटन किया जाएगा. इससे बोरिंग कैनाल रोड, राजापुर पुल, बेटर मोड़ और मुसल्लहपुर हाट जैसी प्रमुख सड़कों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं निगम को सालाना 64 करोड़ का राजस्व भी मिलेगा.

एनआईटी मोड़ पर 6 फ्लोर का हॉस्टल भी बनेगा
एनआईटी मोड़ के प्रोजेक्ट में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले यहां 43.80 करोड़ की लागत से चार मंजिला इमारत प्रस्तावित थी, जिसे अब 69.5 करोड़ की लागत से 8 मंजिला बनाया जाएगा. निचले दो मंजिलों पर कॉमर्शियल दुकानें और वेंडिंग स्पेस होगा, ऊपरी छह मंजिलों पर छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावास संचालित होगा। इस अकेले प्रोजेक्ट से निगम को तीन वर्षों में 28 करोड़ का मुनाफा होगा.

अंचलवार प्रोजेक्ट्स का विवरण:

  • दीघा मछली बाजार – ग्राउंड फ्लोर
  • अंटा घाट – 4 मंजिला
  • बोरिंग रोड चौराहा से राजापुर पुल – 1 मंजिला
  • राजापुल के पास – 4 मंजिला
  • शेखपुरा मोड़ – 8 मंजिला
  • बेटर मोड़ – 5 मंजिला (वेंडिंग जोन)
  • कंकड़बाग टेंपो स्टैंड – 5 मंजिला (वेंडिंग जोन)
  • मुसल्लहपुर हाट – 5 मंजिला (वेंडिंग जोन, मैरिज हॉल)
  • प्रेमचंद गोलंबर – 3 मंजिला (मैरिज हॉल)
  • बहादुरपुर – 4 मंजिला (वेंडिंग जोन)
  • एनआईटी मोड़ – 8 मंजिला (वेंडिंग जोन)
  • इको पार्क / इंद्रा चार ब्लॉक – ग्राउंड फ्लोर
  • गायघाट – एक मंजिला
  • मीना बाजार – 4 मंजिला (वेंडिंग जोन, कम्युनिटी हॉल)
  • सती चौराहा – 4 मंजिला (वेंडिंग जोन)

pncb

Related Post