शुक्रवार 24 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र
पटना.. बिहार विधानसभा का विशेष सत्र 24 अप्रैल को बुलाया गया है. 15 अप्रैल को एनडीए की नयी सरकार के गठन के बाद ये आवश्यक था कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार का बहुमत सदन में साबित करें. एनडीए के भारी संख्याबल को देखते हुए इसे महज औपचारिकता माना जा रहा है. उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि हमारे पास प्रचंड बहुमत है. इसलिए किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी.

गुरुवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार भले नई है लेकिन नीतीश कुमार की जनहित और विकास नीतियों की निरंतरता मजबूती से जारी है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार को राज्य सरकार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने जा रही है. इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा विधानसभा सचिवालय को विधिवत रूप से उपलब्ध करा दिया गया है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सरकार सदन में मजबूत बहुमत के साथ विश्वास मत प्राप्त करेगी.विजय चौधरी ने ये भी कहा कि 24 अप्रैल के बाद मंत्रिमंडल का भी जल्द विस्तार होगा.
विपक्ष की बातें बेबुनियाद
उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि खजाना खाली होने की बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं. उन्होंने कहा कि राजद शासनकाल में वित्त विभाग हमेशा लाल घेरे में रहता था जबकि आज राज्य की वित्तीय व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ है.

बता दें कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के पास फिलहाल 201 विधायक हैं. जिनमें BJP के 88, JDU के 85,LJPR के 19, हम पार्टी के 5 और RLM के 4 विधायक हैं. सरकार को बहुमत के लिए 122 विधायकों का समर्थन चाहिए.
pncb
