सरकारी स्कूलों में शनिवार हाफडे पर सीएम का आश्वासन
पटना।। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के आखिरी दिन एक बार फिर शिक्षकों के मुद्दे पर विधान परिषद में खूब हंगामा हुआ. निर्दलीय विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी ने शनिवार को हाफ डे लागू करने की मांग जोर शोर से उठाई. उन्होंने इसे लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन भी किया.

इसके अलावा सत्ता और विपक्ष के कई विधानपार्षद लंबे समय से सरकारी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे फिर से शुरू करने की मांग कर रहे हैं. पिछले सत्र में तत्कालीन शिक्षा मंत्री ने सदन में आश्वासन भी दिया था कि जल्द ही सरकार हाफ डे का सिस्टम लागू करेगी लेकिन यह बात सदन तक ही सिमट कर रह गई.

अब एक बार फिर मानसून सत्र में जोर-जोर से विधान परिषद के कई सदस्यों ने इस मामले को उठाया और शिक्षा मंत्री से आश्वासन मांगा. हालांकि जब सरकार की तरफ से कोई ठोस जवाब नहीं मिला तो आखिरी दिन एक बार फिर इस मामले को उठाया गया. इसके बाद सदन में मौजूद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वह एक हफ्ते में इस मामले पर फैसला करेंगे. हालांकि सरकार के अब तक के रवैया को देखते हुए यह आसान नहीं लगता.

कई एक्सपर्ट भी मानते हैं कि शिक्षा विभाग के अधिकारी शनिवार को हाफ डे करने के मूड में नहीं हैं. वे विभिन्न तर्क देकर इस मामले को हर बार रखा दफा कर देते हैं. लेकिन शिक्षक संघ और शिक्षक प्रतिनिधि बार-बार सरकार से शनिवार हाफ डे को लेकर पुरानी व्यवस्था को फिर से चालू करने की मांग कर रहे हैं. अब देखना है कि एक हफ्ते में मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद क्या फैसला सरकार करती है.
pncb
