सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना लेकर व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्पित किया अर्घ्य, रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना के लिए उमड़ा था श्रद्धालुओं का जनसैलाब
रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई पूजा, डीएसपी, थानाध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारी लगातार करते रहे गश्त, शहर से गांव तक घाटों पर उमड़ी रही श्रद्धालुओं की भीड़
पटना। अजीत।। सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की मंगलकामना के साथ चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार की अहले सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया. इससे पहले रविवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया था.

रविवार की शाम से सोमवार की सुबह तक दीघा और कलेक्ट्रेट समेत पटना के तमाम इलाकों फुलवारी शरीफ, संपतचक, खगौल, बेऊर, जानीपुर, गौरीचक, गोपालपुर, परसा बाजार, रामकृष्ण नगर, पुनपुन और आसपास के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों के नदी, नहर, तालाब, पोखर और सरोवरों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ता रहा. सोमवार की अहले सुबह अंधेरा रहते ही व्रती सिर पर दउरा और हाथों में सूप लेकर घाटों पर पहुंचने लगे. छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भगवान सूर्य के जयकारों के बीच उगते सूर्य की पहली किरण के साथ हजारों व्रतियों ने जल में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा सुखमय जीवन की कामना की. उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चलने वाला कठिन निर्जला व्रत संपन्न हुआ. इसके बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद और ठेकुआ वितरित कर पर्व की खुशियां साझा कीं.

रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और हाथों में सूप, फल-फूल लेकर व्रती पारंपरिक छठ गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचे थे. जैसे-जैसे सूर्यदेव अस्ताचल की ओर बढ़े, घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल गहराता गया. सूर्य की अंतिम किरणों के बीच हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य देने के लिए उठे तो पूरा वातावरण छठी मइया के जयकारों और सूर्य उपासना के गीतों से गूंज उठा. सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना. कई घाटों पर देर रात से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था.


फुलवारी शरीफ में प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर घाट और खगौल बड़ी सोन नहर घाट पर सबसे अधिक रौनक देखने को मिली. शिव मंदिर घाट पर छठ पूजा को लेकर विशेष सजावट और सांस्कृतिक झांकियों की व्यवस्था की गई थी. यहां नगर परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष आफताब आलम, वार्ड पार्षद मोहम्मद शाहबाज आलम, भीम पंडित, रमेश यादव समेत कई स्थानीय लोग श्रद्धालुओं की सुविधाओं की देखरेख करते नजर आए. बिहार नेशनल क्रिकेट क्लब की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था कराई गई थी. शिव मंदिर घाट पर लगाई गई सांस्कृतिक झांकियों का उद्घाटन निवर्तमान अध्यक्ष आफताब आलम समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया. आफताब आलम ने कलाकारों की झांकियों की आरती उतारी. वहीं खगौल बड़ी सोन नहर घाट पर नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं. दोनों घाटों पर शाम और सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही.

फुलवारी शरीफ, जगदेव पथ स्थित बीएमपी तालाब, बेऊर, सिपारा, रामकृष्ण नगर, खेमनीचक, जगनपुरा, इलाहीबाग, मानपुर, बैरिया, कर्णपुरा, मनोहरपुर, कछुआरा, अनीसाबाद, जानीपुर, भुसौला दानापुर, खगौल, लख, संपतचक, गौरीचक, बेलदारीचक, बैरिया, गोपालपुर, परसा बाजार और पुनपुन नदी के विभिन्न घाटों पर छठ की छटा देखते ही बनी. पुनपुन नदी तट, शिव मंदिर घाट, करोड़ीचक गणेश तालाब, बहादुरपुर सूर्य मंदिर घाट, गोनपुरा सूर्य मंदिर घाट, खगौल लख स्थित बड़ी सोन नहर छठ घाट, अनीसाबाद के मानिकचंद तालाब, संपतचक के भोगीपुर में रॉकी मुखिया का तालाब, बरहमपुर तालाब, जगनपुरा, बैरिया सूर्य मंदिर घाट, इलाहीबाग, तारनपुर कंडाप, सकरैचा, धनकी, धरायचक, राजघाट नवादा, बजरंगबली कॉलोनी घाट, कुरकुरी पोखर और कछुआरा के आहर-पइन में बनाए गए घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे.

इसके अलावा बाइपास इलाके के अनीसाबाद मानिकचंद तालाब, पुलिस कॉलोनी, पहाड़पुर, बाल्मीचक, हरनीचक, चितकोहरा, शिवपुरी, भिखाचक, तेज प्रताप नगर और बेऊर मोड़ के आसपास के लोगों ने भी विभिन्न घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. संजय नगर, मित्र मंडल कॉलोनी, बिड़ला कॉलोनी, साकेत विहार, पुलिस कॉलोनी, बजरंगबली कॉलोनी और वाल्मी स्थित वृंदावन कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में भी छठ पूजा की विशेष व्यवस्था की गई थी. जिन इलाकों में नदी, तालाब या सार्वजनिक घाट उपलब्ध नहीं थे, वहां लोगों ने अपने स्तर से अस्थायी तालाब बनाकर और घरों की छतों पर कृत्रिम तालाब तैयार कर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया. शहर से लेकर गांव तक हर गली, मोहल्ले और कॉलोनी में छठ की रौनक रही.
संपतचक के 30 से अधिक घाटों पर उमड़ी भीड़, अमित कुमार और ऋषभ राय ने संभाली व्यवस्था
संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार और अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय उर्फ बंटू लगातार घूम-घूमकर व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की निगरानी करते रहे. दोनों ने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया. नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है. घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी को परेशानी नहीं हो. पर्व को लेकर नगर परिषद की ओर से पूरी तैयारी की गई थी और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई.
संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के शेखपुरा छठ घाट, शेखपुरा रामकृष्ण नगर मेन रोड छठ घाट, बेईमान टोला छठ घाट, सद्भावना नगर नयाचक छठ घाट, कनौजी तालाब छठ घाट, देवी स्थान मनोहरपुर कछुआरा छठ घाट, तेलिया खांड़ मनोहरपुर कछुआरा छठ घाट, इलाहीबाग सूर्य मंदिर तालाब छठ घाट, उदैनी छठ घाट (गणेश कॉलोनी), खैराटाली सूर्य मंदिर तालाब छठ घाट, खैराटाली पीपरा छठ घाट, बोधाचक छठ घाट, फजीलाबाद छठ घाट, भेलवाड़ा छठ घाट, भोगीपुर तालाब छठ घाट, कामताचक छठ घाट, गोसाईंमठ छठ घाट, वाटर पार्क छठ घाट, सोहगी छठ घाट, हण्डेर सूर्य मंदिर तालाब पूर्वी छठ घाट, हण्डेर सूर्य मंदिर तालाब पश्चिमी छठ घाट, रामनगर छठ घाट, भीड़पर छठ घाट, बैरिया सूर्य मंदिर तालाब छठ घाट, कर्णपुरा तालाब पश्चिमी छठ घाट, कर्णपुरा तालाब पूर्वी छठ घाट, विश्वनाथ सिंह फार्म हाउस छठ घाट, चकबैरिया सूर्य मंदिर छठ घाट और संपतचक गांव छठ घाट समेत अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही.
रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों के साये में शांतिपूर्ण संपन्न हुई पूजा
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. प्रमुख छठ घाटों पर रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की तैनाती की गई थी. इसके साथ ही स्थानीय पुलिस बल भी लगातार मुस्तैद रहा. घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे. महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए थे, जबकि नदी और गहरे जलाशयों में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों और बचाव दल की व्यवस्था की गई थी. घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों की सफाई कराई गई थी. नगर परिषद फुलवारी शरीफ, संपतचक नगर परिषद और संबंधित पंचायतों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं. स्थानीय पूजा समितियों और स्वयंसेवकों ने भी श्रद्धालुओं की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई.
डीएसपी और थानाध्यक्षों ने संभाली सुरक्षा की कमान, लगातार करते रहे गश्त
छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते रहे. फुलवारी शरीफ के डीएसपी-1 नारायण उपाध्याय, डीएसपी-2 उमेश्वर चौधरी और पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों के साथ भ्रमण कर घाटों की व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लेते रहे. अधिकारियों ने घाटों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम पुलिस बल के साथ विभिन्न घाटों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमण करते रहे. बेऊर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष अफसर हुसैन, जानीपुर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष सागर कुमार और परसा बाजार थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष मेनका रानी अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. वहीं रामकृष्ण नगर, गौरीचक और गोपालपुर थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष भी पुलिस बल के साथ घाटों पर भ्रमण करते नजर आए. पटना सदर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी अलग-अलग इलाकों में गश्त करते रहे. रैपिड एक्शन फोर्स और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी के बीच दोनों दिन छठ पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
जनप्रतिनिधियों ने भी किया घाटों का निरीक्षण
छठ महापर्व को लेकर विधायक श्याम रजक ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था. उन्होंने फुलवारी शरीफ प्रखंड के गोनपुरा पंचायत अंतर्गत हिन्दुनी गांव में आईटीबीपी रोड स्थित छठ घाट निर्माण कार्य का उद्घाटन भी किया था. सांसद डॉ. मीसा भारती ने भी फुलवारी शरीफ के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्रतियों के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी ली थी. वहीं पूर्व विधायक गोपाल रविदास भी अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते रहे. जनप्रतिनिधियों ने व्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की.
डूबते और उगते सूर्य की उपासना का संदेश देता है छठ महापर्व
छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य की भी समान श्रद्धा से पूजा की जाती है. यह पर्व प्रकृति, जल, सूर्य और जीवन के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है. बिहार की धरती से जुड़ी छठ की परंपरा आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के अनेक हिस्सों में रहने वाले भारतीयों तक पहुंच चुकी है. डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा यह संदेश देती है कि जीवन में अस्त होते समय का भी उतना ही सम्मान होना चाहिए, जितना उदय के समय का. संयम, पवित्रता, समानता और प्रकृति के प्रति समर्पण की भावना से जुड़ा यह महापर्व एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ.
