छात्र कहीं से भी, कभी भी डाउनलोड कर सकेंगे मार्कशीट और सर्टिफिकेट, फर्जीवाड़े और दस्तावेज खोने की टेंशन खत्म
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने छात्रों के हित में बड़ी पहल की है। वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं (माध्यमिक) और 12वीं (इंटरमीडिएट) के शैक्षणिक दस्तावेज अब DigiLocker पर उपलब्ध करा दिए गए हैं.

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि इस पहल को साकार करने में अपर मुख्य सचिव लोक भवन, दीपक कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. साथ ही यह पहल डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), भारत सरकार के समन्वय से संभव हुई है.
अध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही 2026 से पूर्व की परीक्षाओं के मार्कशीट और सर्टिफिकेट भी DigiLocker पर उपलब्ध कराए जाएंगे.

DigiLocker में जारी दस्तावेज IT Act 2000 के तहत मूल दस्तावेज के समकक्ष मान्य होंगे.
इस पहल के 3 बड़े लाभ:
1. दस्तावेज सीधे जारीकर्ता संस्था से मिलेंगे, जिससे प्रामाणिकता सुनिश्चित रहेगी.
2. दस्तावेज खो जाने, क्षतिग्रस्त होने या नकली होने की समस्या से मुक्ति मिलेगी.
3. उच्च शिक्षा में प्रवेश, छात्रवृत्ति, नौकरी और अन्य सेवाओं के लिए त्वरित सत्यापन संभव होगा.
कैसे प्राप्त करें दस्तावेज?
1. http://digilocker.gov.in पर जाएं या DigiLocker मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
2. आधार-सत्यापित मोबाइल नंबर से साइन अप / लॉग इन करें.
3. “Issued Documents” / “Search Documents” में जाकर “Bihar School Examination Board” चुनें.
4. 10वीं या 12वीं का दस्तावेज चुनें, रोल कोड, रोल नंबर एवं वर्ष 2026 दर्ज करें और दस्तावेज प्राप्त करें.
pncb
