सारण।। सारण जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

जिले के मकेर, अमनौर और परसा में बाढ़ से स्थिति ज्यादा गंभीर है. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं बचाव दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.


बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं. प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन, चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है.

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके.

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें.
RK
