पटना।। राज्यपाल–सह–कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, तैराकी आदि के खिलाड़ियों के साथ संवाद किया.
उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों से पूरे बिहार का सिर गर्व से ऊँचा हुआ है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से यह साबित किया है कि बिहार खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊँचाइयाँ हासिल कर रहा है.

उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएँ, अच्छी कोचिंग और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दिखाई दे रहा है.

खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने उन्हें पूरी लगन और अनुशासन के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल के साथ–साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देना जरूरी है. विशेषकर एथलेटिक्स जैसे खेलों में खिलाड़ियों के पास उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का समय सीमित होता है, इसलिए उन्हें अपनी फिटनेस, संतुलित आहार, नियमित अभ्यास और कोचिंग पर पूरा ध्यान देना चाहिए.

राज्यपाल ने बिहार की समृद्ध खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए हॉकी के महान खिलाड़ी माइकल किंडो और प्रसिद्ध धावक शिवनाथ सिंह को याद किया. उन्होंने कहा कि बिहार ने पहले भी देश को कई महान खिलाड़ी दिए हैं और आज की युवा पीढ़ी उसी गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ा रही है.
उन्होंने कहा कि पदक जीतना निश्चित रूप से गर्व की बात है, लेकिन अपने राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करना भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया.

इस अवसर पर लेडी गवर्नर सबीहा हसनैन, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण, खिलाड़ीगण, खिलाड़ियों के माता–पिता एवं अन्य लोग उपस्थित थे.
pncb
