सासाराम स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में लगी आग
आज सासाराम पटना पैसेंजर ट्रेन में आग लगने से अफरा तफरी मच गई. घटना के समय में ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी थी.

इस बारे में सरस्वती चन्द्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रातः लगभग 05ः30 बजे सासाराम स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 06 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की सूचना प्राप्त हुई. उक्त ट्रेन प्लेटफॉर्म पर स्थिर अवस्था में खड़ी थी तथा उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था.

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर उपस्थित रेलकर्मियों द्वारा धुआं निकल रहे कोच को 6.00 बजे अलग कर तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित कर मौके पर बुलाया गया. रेलकर्मियों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप इसपर 6.05 बजे पूर्णतः काबू पा लिया गया.

पूर्व मध्य रेलवे के दावा है कि घटना में किसी भी यात्री अथवा रेलकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
pncb
