प्रधानमंत्री मोदी आज बिहार दौरे पर
हाजीपुर / वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 21 नवंबर को बिहार दौरे पर हैं. आज का दिन उत्तर बिहार के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है. पीएम सुबह 10.45 बजे राघोपुर में गंगा नदी पर बने 5,571 करोड़ रुपये की लागत वाले 6-लेन ‘नीतीश सेतु’ (कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल) का लोकार्पण करेंगे.

इसके बाद वे वैशाली के राजापाकर में आयोजित विशाल जनसभा से राज्य को करीब 3 लाख करोड़ रुपये की 2,500 से अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इसके अलावा 103 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे, जिनकी कुल लागत 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक है.

क्या बदलेगा इस पुल से:
दुल्हन की तरह सजाए गए इस पुल के शुरू होने से पटना से हाजीपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी सहित पूरे उत्तर बिहार का सफर आसान हो जाएगा. अभी तक गांधी सेतु पर भारी दबाव था, अब लोगों को एक नया वैकल्पिक और तेज मार्ग मिल जाएगा.

राजापाकर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
पीएम की सभा के लिए राजापाकर के जाफर पट्टी में 5 मुख्य पंडाल बनाए गए हैं. प्रवेश के लिए 16 द्वार बनाए गए हैं, सभी पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. हर द्वार पर पुलिस बल तैनात रहेगा, बिना जांच के किसी को अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा. सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी.
पंडालों में बैठने, पेयजल और शौचालय की पूरी व्यवस्था की गई है. राजापाकर पुल से लेकर जाफर पट्टी सभा स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मजिस्ट्रेट के साथ तैनात हैं.
pncb
