विधान परिषद् सचिवालय में अब BPSC, BSSC और सिपाही चयन पर्षद से होगी बहाली

विधान परिषद सचिवालय ने भेजा सरकार को प्रस्ताव

पटना। नियुक्ति में भ्रष्टाचार को लेकर मचे बवाल के बाद विधान परिषद ने सुधार की कवायद शुरू कर दी है. बिहार विधान परिषद् सचिवालय में अब नियुक्तियों के लिए नई व्यवस्था लागू होने जा रही है. विधान परिषद् सचिवालय के समूह (ख) के पदों पर नियुक्तियां बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा, समूह (ग) के पदों पर बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) द्वारा तथा सुरक्षा प्रहरी के पदों पर केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) बिहार द्वारा की जाएंगी.




इसको लेकर विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय द्वारा राज्य सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है. ये जानकारी विधान परिषद के जनसंपर्क अधिकारी अजीत रंजन ने दी है.

क्या है नया फैसला:
दिनांक 20.11.2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अब तक परिषद सचिवालय में नियुक्तियों की प्रक्रिया अलग होती थी, अब इसे राज्य की बड़ी चयन संस्थाओं के माध्यम से कराने का फैसला लिया गया है. इससे नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता आएगी.

तीन संस्थाएं, तीन तरह की बहाली:

1. समूह (ख) – BPSC: अधिकारी स्तर के पदों पर नियुक्ति अब बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी. इसमें सहायक, प्रशाखा पदाधिकारी जैसे पद शामिल हैं.

2. समूह (ग) – BSSC: क्लर्क, टाइपिस्ट, आशुलिपिक जैसे समूह (ग) के पदों पर नियुक्ति बिहार कर्मचारी चयन आयोग करेगा.

3. सुरक्षा प्रहरी – CSBC: विधान परिषद् की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा प्रहरी के पदों पर बहाली केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती बोर्ड) के माध्यम से होगी.

क्यों लिया गया फैसला:
हाल ही में 52 विभिन्न पदों पर हुई बहाली में जबरदस्त भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था. जिसके बाद कार्यकारी सभापति ने पिछली बहाली को रद्द करते हुए नये सिरे से बहाली का आदेश दिया था. कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय ने कहा है कि इस प्रस्ताव से विधान परिषद सचिवालय की नियुक्तियों में एकरूपता आएगी और मेधा के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन हो सकेगा.

राज्य सरकार से प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही रिक्त पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.

pncb

Related Post