राजधानियों में सबसे गर्म पटना, अप्रैल में 6 साल का रिकॉर्ड टूटा, बढ़ेगी गर्मी

By Amit Verma Apr 23, 2016

पटना.देशभर की राजधानियों में पटना मंगलवार को सबसे गर्म रहा। गर्म प्रदेशों की राजधानियों का तापमान भी पटना से नीचे चल रहा है। ओडिशा व झारखंड में चल रही हीट वेव का असर यहां देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटे में राजधानी पटना का पारा छह डिग्री और 48 घंटे में आठ डिग्री ऊपर गया है। 15 और 16 अप्रैल को पुरवैया हवा चलने और बादलों के कारण गर्मी से राहत मिली थी। हवा का रुख बदलते ही गर्मी फिर से झुलसाने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आरके गिरि बताते हैं कि गर्मी अभी और बढ़ेगी। अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। बुधवार को फिर से राजधानी में हीट वेव और लू चलने की संभावना है। मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को गर्मी झेलने के लिए लगातार तैयार रहना चाहिए।

अधिकतम पारा 42.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा




राजधानी में गर्मी छह वर्ष के रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर पहुंच चुकी है। सुबह से ही पछुआ हवा की बढ़ी रफ्तार और आग उगल रही सूरज की किरणों के कारण अधिकतम पारा 42.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। सामान्य से छह डिग्री ऊपर होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गया में हालात कुछ इसी तरह बने हुए हैं। मंगलवार को गया का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर चढ़कर 44.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। 2011 के बाद से अबतक तापमान सबसे ऊपर पहुंच चुका है।

क्यों पड़ रही इतनी गर्मी: बिहार के पड़ोसी राज्य सहित कई गर्म प्रदेश में तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक ऊपर चल रहा है। झारखंड, ओडिशा, गंगेटियन बंगाल, राजस्थान, तेलंगाना, विदर्भ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार से सात डिग्री तक ऊपर चल रहा है। पछुआ हवा तेज चल रही है।

राजधानियों का अधिकतम तापमान

राजधानी तापमान
पटना 42.9
रांची 41.5
भुवनेश्वर 40.3
कोलकाता 36.6
गुवाहाटी 28.8
लखनऊ 41.9
दिल्ली 42.2
चंडीगढ़ 38.6
जयपुर 38.9
मुंबई 33.6
हैदराबाद 39.2

पिछले पांच वर्षों का तापमान

वर्ष पटना गया

2015 40.4 42.7

2014 42.1 43.3

2013 41.5 43.5

2012 41.3 42.3

2011 39.2 42.3

Related Post