पटना और बेगूसराय में निगरानी की बड़ी कार्रवाई
पटना। बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का एक्शन लगातार जारी है. सोमवार को निगरानी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना के एडीएम (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की.

निगरानी की अलग-अलग टीमों ने पटना से लेकर बेगूसराय तक कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया.
1.06 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
निगरानी ब्यूरो के अनुसार दोनों के खिलाफ DA केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि दोनों ने अपनी ज्ञात आय के स्रोत से करीब 1 करोड़ 6 लाख 85 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है.

छापे में क्या-क्या मिला?
तलाशी के दौरान निगरानी टीम को भारी मात्रा में संपत्ति मिली है, जिसकी गिनती और आंकलन जारी है:
- 70 लाख रुपये नकद मिलने का दावा
- करीब 1 करोड़ रुपये की महंगी ब्रांडेड घड़ियों की सीरीज
- लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात
- दो फ्लैट और जमीन से जुड़े कई अहम दस्तावेज
नोटों के बंडल और महंगी घड़ियों की तस्वीरों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि सरकारी सेवा के दौरान इतनी संपत्ति कैसे जुटी?

फिलहाल निगरानी ब्यूरो की टीमें बरामद सामान और दस्तावेजों का मिलान और सत्यापन कर रही हैं. निगरानी का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि दंपति के नाम पर कुल कितनी चल-अचल संपत्ति है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
pncb
