रिफ्लेक्टिव टेप के बिना व्यवसायिक वाहनों का नहीं होगा फिटनेस

कोहरे और रात में दुर्घटनाओं से बचाव के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य

पटना।। ठंड के मौसम में कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए परिवहन विभाग ने व्यावसायिक वाहनों पर निर्धारित मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप एवं रियर मार्किंग टेप लगाना अनिवार्य किया है. वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप नहीं होने अथवा निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा.




सोमवार को राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन की अध्यक्षता में लीड एजेंसी, बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को लंबित कार्यों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में परिवहन विभाग, गृह विभाग, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं एनएचएआई के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे.

राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने कहा कि ठंड एवं कोहरे के दौरान सड़क पर वाहनों की दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. इसे देखते हुए व्यवसायिक वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप का अधिष्ठापन अनिवार्य किया गया है. इस संबंध में सख्ती से पालन कराने के लिए सभी जिलों को निर्देश दिया गया है. साथ ही सड़क सुरक्षा को देखते हुए निजी वाहनों में भी रिफ्लेक्टिव टेप का उपयोग किये जाने हेतु आमजन को जागरुक करने का निर्देश दिया गया है.

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में बिहार में कुल 12,615 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 10,349 लोगों की मृत्यु हुई. इनमें नवंबर से फरवरी की शीतकालीन अवधि के दौरान 3,438 लोगों की जान गई.

राज्य परिवहन आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि ठंड के मौसम में कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें. वाहन की गति नियंत्रित रखें, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, फॉग लाइट का उचित उपयोग करें तथा बिना आवश्यकता ओवरटेक करने से बचें. सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है.

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रोड मार्किंग, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, फुट ओवरब्रिज एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई. संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यों में तेजी लाने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संवेदनशील स्थलों पर सड़क सुरक्षा अभियांत्रिकी उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई. पथ निर्माण विभाग एवं एनएचएआई के अंतर्गत फुट ओवरब्रिज, व्हीकल अंडरपास, पैदल यात्री अंडरपास एवं जेब्रा क्रॉसिंग के निर्माण तथा सुधार कार्यों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई.

Related Post