सोनपुर मेला के उद्घाटन पर सीएम ने लगाई घोषणाओं की झड़ी

1,000 करोड़ रुपये से होगा बाबा हरिहरनाथ मंदिर का पुनर्विकास

सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की घोषणा




सोनपुर-हाजीपुर पुल को अगले वर्ष जून से पहले दो लेन से फोरलेन में चालू करने का लक्ष्य

पटना, 22 नवम्बर 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सारण जिला के सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की तथा राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने सोनपुर में बिहार की सांस्कृतिक धरोहर के विश्वस्तरीय उत्सव एवं विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर सोनपुर मेला-2026 की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप एवं ए०आई० चैटबॉट का भी शुभारंभ किया.

साथ ही ‘गजेंद्र मोक्ष : भक्ति, आस्था और ईश्वरीय कृपा की अमर गाथा’ पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया. पर्यटन विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक मेले का आयोजन 22 नवंबर से 23 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान हरिहरनाथ के चरणों में नमन अर्पित करता हूं. सोनपुर मेले को केवल सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसे बिहार की अर्थव्यवस्था से जोड़कर विकास और रोजगार का बड़ा माध्यम बनाना है. उन्होंने कहा कि सोनपुर मेले को सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था का प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाने और अंतर्राष्ट्रीय मानकों तक पहुंचाने के लिए हमें सामूहिक प्रयास करना होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जाएगा. इसके साथ ही यहां आधुनिक टाउनशिप भी विकसित की जाएगी. उन्होंने कहा कि गंगा और गंडक नदियों से गाद निकालने का काम किया जाएगा. गंगा अंबिका पथ तथा सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ का निर्माण कराया जाएगा. इससे क्षेत्र में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि सोनपुर और आसपास के क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग यूनिट के माध्यम से तैयार होने वाले उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाएगा. इससे स्थानीय किसानों, उद्यमियों और युवाओं को रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष जून से पहले सोनपुर-हाजीपुर पुल को दो लेन से फोरलेन में चालू करने का काम किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा. इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सोनपुर को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि सोनपुर मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है. इस मेले की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय आयोजन के रूप में विकसित करना है. मेले को आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन, व्यापार और रोजगार से जोड़ने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर बिहार को बदलना है और विकसित राज्य बनाना है, तो हम सभी को मिलकर काम करना होगा. सरकार बिहार के समग्र विकास और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है. कार्यक्रम को सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी एवं सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी संबोधित किया.

pncb

Related Post