25 किलो से अधिक स्वीट कॉर्न, 15 किलो कच्चा चिकन और 10 किलो मूंगफली नष्ट, जांच में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण में मिलीं कई खामियां
पटना।। आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को पटना के बिहटा क्षेत्र में एनएच-30 के किनारे स्थित बिहटा सोन होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की. जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में कई अनियमितताएं पाए जाने पर लगभग 50 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹10,150 है, नष्ट कराई गई.

निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट से 440 ग्राम के 57 पैकेट स्वीट कॉर्न, जिनका कुल वजन 25.08 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य ₹5,700 था, नष्ट कराए गए. इसके अतिरिक्त 15 किलोग्राम कच्चा चिकन, जिसकी कीमत ₹2,250 तथा 10 किलोग्राम मूंगफली, जिसकी कीमत ₹2,200 थी, को भी नष्ट कराया गया.
जांच के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित कई गंभीर कमियां सामने आईं. निरीक्षण टीम को रेस्टोरेंट में डीप फ्रीजर की व्यवस्था नहीं मिली. साफ-सफाई एवं हाइजीन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई. इसके अतिरिक्त शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रीजर में रखे पाए गए. कच्चे एवं पके हुए खाद्य पदार्थों को ढका नहीं पाया गया. साथ ही खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO (पहले आया, पहले निकला) एवं FEFO (जिसकी एक्सपायरी पहले, उसका उपयोग पहले) प्रणाली का अनुपालन नहीं किया जा रहा था.

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. साथ ही शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री तथा कच्चे एवं पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, पानी की जांच नियमित कराने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र रखने और किचन एवं स्टोर में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
pncb
