सातवें वेतनमान की मांग को लेकर गर्दनीबाग में दूसरे दिन भी जारी रहा अनशन

अनशन के पक्ष में उतरे अन्य शिक्षक संगठन

पटना। बिहार में राज्यकर्मी बने शिक्षकों के लिए सातवें वेतनमान के अनुरूप पूर्ण वेतन संरचना लागू करने की मांग को लेकर गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर चल रहा अनशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. अनशन पर चन्दन पटेल, सत्यनारायण सिंह, विकास राणा, संतोष कुमार एवं पवन पासवान बैठे हैं. अनशन के समर्थन में दूसरे दिन बड़ी संख्या में शिक्षक धरना स्थल पर डटे रहे.




दो बड़े संगठनों ने दिया खुला समर्थन

इस बीच बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन (गोपगुट) के आह्वान पर चलाये जा रहे इस अनशन को बिहार विद्यालय अध्यापक संघ एवं बिहार शिक्षक मंच ने खुला समर्थन दिया है.

प्रदेश अध्यक्ष की चेतावनी – आंदोलन हर विद्यालय तक पहुंचेगा

अनशन स्थल पर आयोजित सभा में बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन (गोपगुट) के प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक ने कहा कि जब तक शिक्षकों को सातवें केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप मूल वेतन, भत्ते और सेवा निरंतरता का पूर्ण लाभ नहीं मिलता, अनशन जारी रहेगा. जल्द वार्ता कर सम्मानजनक समाधान नहीं निकाला गया, तो यह आंदोलन अनशन स्थल से निकलकर राज्य के हर विद्यालय तक पहुंचेगा.

प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पाण्डेय ने कहा कि सातवां वेतनमान शिक्षकों का कोई अनुग्रह नहीं, बल्कि वैधानिक अधिकार है। शिक्षकों के सम्मान और वाजिब हक को अविलंब बहाल करना होगा.

सभा में जयप्रकाश सिंह, मुकेश राज, बसंत सिंह, राकेश रंजन मिश्रा, अमित कुमार सुमन, संतोष कुमार, अशोक साहू, प्रिय रंजन सिंह, प्रमोद मंडल एवं मृत्युंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद थे.

RK

Related Post