4 अक्टूबर से ई-शिक्षाकोष पर आवेदन होना था शुरू, अब चुनाव आयोग से शिक्षा विभाग ने मांगा दिशा-निर्देश, अनुमति मिलते ही जारी होगी नई तारीख
पटना।। विधान परिषद चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता के कारण शिक्षक तबादले का पोर्टल अभी नहीं खुलेगा. पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ करने की योजना फिलहाल स्थगित कर दी गई है.

शिक्षा विभाग की योजना रविवार, 4 अक्टूबर से बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत सामान्य स्थानांतरण के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवेदन शुरू करने की थी. लेकिन राज्य में विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की वजह से आचार संहिता लागू है.

इस कारण अब शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए चुनाव आयोग से दिशा निर्देश मांगा है. विभाग की ओर से इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र भी भेजा गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि आयोग की स्वीकृति मिलते ही शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण की नई तिथि जारी कर आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
