TRE4 में 20 हजार शिक्षकों की होगी बहाली, इस महीने में आएगा विज्ञापन

पटना।। बिहार में शिक्षक बहाली को लेकर उठ रहे तमाम सवालों के जवाब लगभग मिल गए हैं. TRE 4 का विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद आज बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों और शिक्षा मंत्री के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. इस बैठक में न सिर्फ शिक्षक बहाली बल्कि स्कूलों की व्यवस्था और कई अन्य ज्वलंत बातों पर भी गंभीर विचार विमर्श हुआ.

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि TRE 4 के तहत 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष जुलाई महीने में शिक्षक बहाली का विज्ञापन जारी होगा. यही नहीं उन्होंने शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है.




मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवतापूर्ण शिक्षा मिले, इसे लेकर हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है.इस दिशा में आज शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निम्न निर्देश दिये गये हैं :-

  • अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी जिसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी. इसके लिये हर वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जायेगा.
  • शिक्षकों के स्थानान्तरण को पारदर्शी एवं सुगम बनाने को लेकर शिक्षा विभाग को निदेशित किया गया है कि महिला शिक्षकों का स्थानान्तरण यथासंभव गृह जिले के अपने प्रखण्ड के गृह पंचायत के बगल के पंचायत में तथा पुरूष शिक्षकों को गृह जिले के अपने गृह प्रखण्ड के बगल के प्रखण्ड में स्थानान्तरण करने हेतु नीति बनायी जाय.
  • राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका के माध्यम से किया जाय. इससे पोशाक की ससमय आपूर्ति के साथ महिला स्वावलंबन को भी बल मिलेगा.

pncb

Related Post