17 से 25 फरवरी तक होगा मैट्रिक परीक्षा का आयोजन
कुल 15,12,687 परीक्षार्थी हो रहे हैं शामिल

पटना. बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हो रही है. इंटर परीक्षा के सफल आयोजन के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मैट्रिक छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि पहचान और तलाशी की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद हो जाएगा. सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.

आपको बता दें कि इस बार मैट्रिक परीक्षा में कुल 15,12,687 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. इसके लिए राज्यभर में कुल 1699 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कई जिलों में लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
pncb
