फुलवारी में गैस सिलेंडर को लेकर हंगामा, नेशनल हाइवे हो गया जाम

रसोई गैस के लिए परेशान लोगों का फूटा गुस्सा


फुलवारी शरीफ, अजीत।। सरकार के लाख दावों के बावजूद राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. सिलेंडर मिलने में लगातार हो रही देरी से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार हंगामा किया और नेशनल हाइवे-98/139 को जाम कर दिया.
घटना एम्स के नजदीक नवादा मोड़ काली मंदिर के पास की है, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठ गए और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.




हंगामा कर रहे लोगों का कहना है कि उन्हें गैस बुकिंग का मैसेज तो मिल जाता है, लेकिन समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है. कई लोग सुबह से ही लाइन में खड़े थे, बावजूद इसके उन्हें सिलेंडर नहीं मिला. जब उपभोक्ता एजेंसी के गोदाम पर पहुंचे तो वहां भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि हर कुछ दिन पर ऐसी स्थिति बन जाती है. नंबर आने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलना आम बात हो गई है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उपभोक्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और व्यवस्था में सुधार की मांग करते रहे.

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि आम उपभोक्ताओं को बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

Ajit

Related Post