बिहार कैबिनेट ने पिछले दिनों दी है एयर टूरिज्म को मंजूरी
पर्यटन बढ़ेगा, अन्य राज्यों और देशों से भी आएंगे पर्यटक

पटना।। बिहार कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सूबे के पर्यटकों के लिए ‘एयर टूरिज्म’ की सेवा शुरू होने वाली है. अगस्त महीने में ही न सिर्फ देशी-विदेशी बल्कि स्थानीय पर्यटक भी हेलीकॉप्टर और अन्य छोटे जहाज से बिहार की खूबसूरत जगहों का दीदार कर सकेंगे. हालांकि इसके लिए उन्हें अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी.

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा ‘एयर टूरिज्म’ की सेवा शुरू होने जा रही है. 15 अगस्त के बाद आसमां से ही लोग बिहार की खूबसूरत वादियों और ऐतिहासिक धरोहरों का दीदार कर सकेंगे. पर्यटन निगम इसके लिए विशेष टूर पैकेज तैयार कर रहा है. पटनावासियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण ‘हेलीकॉप्टर जॉय राइड’ (पटना परिदर्शन) होगा. इसके तहत मात्र 2100 के शुल्क पर 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर से गंगा नदी, मरीन ड्राइव, तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा और पूरे शहर की हवाई सैर कराई जाएगी.

जबकि राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर के लिए 4000 से 6000 रुपए तक एक तरफ का शुल्क है. अगर आप दोनों ओर से हेलीकॉप्टर से घूमना चाहते हैं तो फिर दोनों ओर से अलग-अलग किराया देना होगा.
देखिए ये है संभावित किराया ( प्रति यात्री पैकेज)
पटना परिदर्शन ₹2100 5 सीट
पटना-राजगीर ₹4000 10 सीट
पटना-कैमूर ₹6000 10 सीट
पटना-वाल्मीकि नगर ₹5000 20 सीट
हवाई सफर का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटक पटना स्थित पर्यटन निगम के मुख्यालय ‘होटल कौटिल्य विहार’ के काउंटर पर जाकर अपनी टिकट बुक करा सकते हैं. इसके अलावा पर्यटन निगम की आधिकारिक वेबसाइट(https://bstdc.bihar.gov.in/) पर भी ऑनलाइन बुकिंग विंडो शुरू की जा रही है, ताकि देश-विदेश के पर्यटक घर बैठे ही अपनी सीट रिजर्व कर सकें.

निगम द्वारा पर्यटकों से केवल हेलीकॉप्टर या एरोप्लेन का हवाई टिकट शुल्क लिया जाएगा. पर्यटन स्थलों पर ठहरने, खाने-पीने और स्थानीय स्तर पर घूमने सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं पर्यटकों को खुद अपने खर्च पर करनी होंगी. हालांकि, पर्यटकों की सुविधा के लिए निगम द्वारा टूरिस्ट गाइड की सुविधा मुफ्त दी “जाएगी.
#bihartourism #bstdc #airtourism
pncb
