बिहार बोर्ड ने फिर बनाया लैंडमार्क
इंटर में लड़कियों ने लहराया परचम
पटना।। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति हर साल खुद का रिकॉर्ड ही तोड़ रहा है और अन्य राज्यों के परीक्षा बोर्ड के लिए लैंडमार्क बना रहा है. इस साल तो बिहार बोर्ड ने परीक्षा समाप्त होने के महज 36वें दिन और मूल्यांकन शुरू होने के 25 दिन में ही रिजल्ट जारी कर दिया है जो कि कीर्तिमान से कम नहीं है.

इधर बिहार बोर्ड के साथ बिहार के बच्चे भी अपना रिजल्ट बेहतर कर रहे हैं. इस बार 85.19% बच्चे पास हुए हैं. पिछले तीन साल के आंकड़ों पर गौर करें तो लगातार 85% से अधिक बच्चे सफल हुए हैं.

एक नज़र रिजल्ट पर
बिहार बोर्ड ने साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों संकाय में प्रथम पांच स्थान प्राप्त किए हुए परीक्षार्थियों की सूची जारी की है, जिसमें विज्ञान संकाय में 6 परीक्षार्थी, कला संकाय में 13 परीक्षार्थी एवं वाणिज्य संकाय में 7 परीक्षार्थी हैं. इस प्रकार, तीनों संकाय को मिलाकर प्रथम 5 स्थान पर कुल 26 परीक्षार्थी हैं, जिनमें 19 छात्राएँ एवं 7 छात्र शामिल हैं.

आज जारी परीक्षाफल में विज्ञान संकाय में समस्तीपुर के छात्र आदित्य प्रकाश अमन ने कुल 481 अंक (96.20%) प्राप्त कर पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. कला संकाय में गयाजी की छात्रा निशु कुमारी ने 479 अंक (95.80%) प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. वाणिज्य संकाय में पटना की छात्रा अदिति कुमारी ने कुल 480 अंक (96.00%) प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है.

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 में कुल 85.19% परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जिसमें 5,16,928 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में, 5,11,744 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में तथा 82,425 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं. कुल मिलाकर 6,70,971 छात्राएँ इस परीक्षा में शामिल हुईं, जिसमें 5,78,611 छात्राएँ उत्तीर्ण हुई हैं, जिनकी उत्तीर्णता का प्रतिशत 86.23% है. इसी प्रकार कुल 6,33,229 छात्र इस परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिसमें 5,32,486 छात्र सफल हुए हैं, जो कुल का 84.09% है. इस प्रकार छात्राओं की उत्तीर्णता का प्रतिशत छात्रों की तुलना में बेहतर है.
परीक्षाफल वेबसाइट https://interbiharboard.com अथवा https://www.bsebexam.com पर उपलब्ध है.
बता दें कि तीनों संकाय में छात्राओं की उत्तीर्णता का प्रतिशत छात्रों की तुलना में बेहतर रहा है. कला संकाय में छात्राओं की उत्तीर्णता का प्रतिशत 84.53% है, तो वहीं 79.78% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं. वाणिज्य संकाय में 94.31% छात्राएँ उत्तीर्ण हुई हैं, तो छात्रों की उत्तीर्णता का प्रतिशत 92.45% है. इसी प्रकार, विज्ञान संकाय में 88.79% छात्राएँ उत्तीर्ण हैं, जबकि उत्तीर्ण छात्रों का प्रतिशत 86.56% है. इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 में कुल 13,04,200 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे, जिसमें 6,70,971 छात्राएँ तथा 6,33,229 छात्र हैं.
pncb
