शेयर बाजार में सुस्ती बरकरार, वैश्विक संकेतों से बाजार सतर्क
पटना। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत के संकेत हैं। गिफ्ट निफ्टी आज सुबह 23,338 के आसपास कारोबार कर रहा है, जो पिछले बंद से करीब 40 अंक नीचे है।
शुक्रवार को सेंसेक्स 19.63 अंक की मामूली गिरावट के साथ 74,294.96 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 50 में 75.80 अंकों की तेजी रही और यह 23,346.40 पर बंद हुआ। पिछले हफ्ते निफ्टी लगातार छठे सप्ताह गिरा है, जो 2020 के बाद सबसे लंबी गिरावट है।
वैश्विक बाजार का हाल
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.85 प्रतिशत ऊपर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया का बाजार 0.49 प्रतिशत नीचे है। जापान का बाजार आज अवकाश के कारण बंद है।
कच्चे तेल में राहत मिली है। ब्रेंट क्रूड 2.10 प्रतिशत गिरकर 101.69 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं अमेरिका में 10 साल के बॉन्ड का यील्ड 5 प्रतिशत के पास बना हुआ है, जिससे वैश्विक बाजारों पर दबाव है।
एफआईआई-डीआईआई का रुख
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली जारी है। पिछले सप्ताह एफआईआई ने 7,619 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं, जबकि घरेलू निवेशकों (DII) ने 11,232 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका-ईरान के बीच मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव और कच्चे तेल की चाल पर निवेशकों की नजर रहेगी। रिलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा ने कहा, “बाजार में निकट भविष्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, निवेशकों को चुनिंदा शेयरों में ही निवेश करना चाहिए।”
