पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप के खिलाफ किसान मजदूर संघर्ष समिति का आंदोलन तेज

पटना। अजीत।। किसान मजदूर संघर्ष समिति ने पाटलिपुत्र सैटलाइट टाउनशिप के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के खिलाफ कानूनी लड़ाई के साथ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. रविवार को पटना के बेलदारीचक स्थित सुहागन मैरिज हॉल में प्रेसवार्ता कर समिति के महासचिव राहुल कुमार सिंह ने कहा कि संगठन राष्ट्रीय से लेकर ग्राम-वार्ड स्तर तक सांगठनिक ढांचा तैयार कर किसानों और मजदूरों को जोड़ेगा.

उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून 2013 को आधार बनाकर टाउनशिप का विरोध किया जाएगा. राष्ट्रीय किसान संगठनों से संपर्क कर कानूनी लड़ाई के साथ धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा. उन्होंने बिहार सरकार द्वारा मुखियाओं से स्वीकृति लेने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मुखिया या ग्राम सभा को किसी व्यक्ति, परिवार या समाज की निजी जमीन पर अधिकार नहीं है.




समिति ने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग को आपत्ति और सुझाव देने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है. किसानों की जमीन से जुड़े सरकारी संशोधनों को भी कानूनी चुनौती देने की तैयारी है. 27 सितंबर को प्रभावित किसानों और मजदूरों की आमसभा होगी.

राहुल कुमार सिंह ने बताया कि पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रक्रिया की जानकारी जुटाई जा रही है और इस पर भी संगठन कार्यक्रम तय करेगा. किसानों-मजदूरों से आर्थिक और सामाजिक सहयोग लिया जाएगा. अन्य किसान संगठनों से जुड़े लोगों को संगठन में जिम्मेदारी देने पर विचार किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र सैटलाइट टाउनशिप के खिलाफ गर्दनीबाग में अनिश्चितकालीन धरना की तैयारी है. राष्ट्रीय किसान संगठनों का सहयोग मिलने पर दिल्ली में प्रेसवार्ता और जंतर-मंतर पर धरना भी दिया जाएगा.

pncb

Related Post