विशेष सर्वेक्षण को तेज करने के लिए 24 जिलों में पदाधिकारी तैनात

हर शनिवार करेंगे जिला भ्रमण, प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा रिपोर्ट अनिवार्य, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय देगा प्रशिक्षण और आवश्यक प्रपत्र

जय सिंह ने कार्यभार संभालते ही जारी किया आदेश




पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग़ ने राज्य में चल रहे बिहार विशेष सर्वेक्षण कार्यक्रम को गति देने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. विभाग के सचिव जय सिंह के निर्देश पर 24 जिलों के लिए विभागीय पदाधिकारियों को नामित किया गया है, जो संबंधित जिलों में सर्वेक्षण कार्य की निगरानी और प्रगति की समीक्षा करेंगे. सचिव जय सिंह ने बताया कि सर्वे कार्य को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करना राज्य सरकार की प्राथमिकता में है. इसलिए कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मुख्यालय के अधिकारियों की तैनाती की गई है. इससे पहले जय सिंह ने विभाग के सचिव का कार्यभार संभाला.

अपर सचिव आजीव वत्सराज द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, जिन जिलों में रिविजनल सर्वे खतियान उपलब्ध है, वहां सर्वे कार्य को प्राथमिकता देते हुए भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, पटना को अपेक्षित सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा. इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिलावार जिम्मेदारी सौंपी गई है.
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि नामित पदाधिकारी प्रत्येक शनिवार को अपने आवंटित जिलों का भ्रमण करेंगे. इस दौरान वे अंचल स्तर पर संचालित विशेष सर्वेक्षण शिविर कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे. साथ ही, निरीक्षण के उपरांत विस्तृत प्रतिवेदन भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, पटना को भेजना अनिवार्य होगा, जिसकी प्रति विभाग को भी उपलब्ध कराई जाएगी.

विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि जिला भ्रमण से पूर्व संबंधित पदाधिकारियों को सर्वेक्षण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज, प्रारंभिक प्रशिक्षण तथा जांच के लिए निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे. नामित पदाधिकारी संबंधित जिलों के अपर समाहर्त्ता से समन्वय स्थापित कर उचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि निरीक्षण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
विभाग के अनुसार, इस पहल से बिहार विशेष सर्वेक्षण कार्यक्रम में तेजी आएगी और भूमि अभिलेखों के अद्यतन एवं पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति सुनिश्चित होगी.

जिलावार नामित पदाधिकारियों की सूची

मुजफ्फरपुर – कमलेश कुमार सिंह, निदेशक, भू-अर्जन

गया – डॉ. महेन्द्र पाल, अपर सचिव

पटना-वैशाली– आजीव वत्सराज, अपर सचिव

भोजपुर – सिम्मी प्रसाद, अनुदेशक, चकबंदी

पटना-वैशाली – मणि भूषण किशोर, विशेष कार्य पदाधिकारी

दरभंगा – मोना झा, उप निदेशक

समस्तीपुर – सुधा रानी, विशेष कार्य पदाधिकारी

सीतामढ़ी – मो. नवाजिश अख्तर, विशेष कार्य पदाधिकारी

शिवहर – संजय कुमार सिंह, उप सचिव

औरंगाबाद – डॉ. सुनील कुमार, उप सचिव

पूर्णिया – देवेश कुमार, उप सचिव

मधुबनी – अखिल कुमार झा, उप सचिव

किशनगंज – कुमार कुन्दन लाल, प्रभारी पदाधिकारी बन्दोबस्त

सुपौल – संजीव कुमार सिन्हा, अनुदेशक, चकबंदी

मधेपुरा – अमरेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक

नवादा – सुधांशु शेखर, सहायक निदेशक

बांका – सुमित कुमार आनंद, सहायक निदेशक

कैमूर – मो. जमालुद्दीन अंसारी, अवर सचिव

अररिया – अरविन्द कुमार, अवर सचिव

रोहतास – मो. अकबर अली, अवर सचिव

कटिहार – कमलेश कुमार, अवर सचिव

सहरसा – श्रीराम कुमार, अवर सचिव

भागलपुर – कमल नयन कश्यप, अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी

बक्सर – कुनिका, सहायक बन्दोबस्त पदाधिकारी

pncb

Related Post