राजेंद्र नगर नेत्रालय व एनबीई के बीच 4 डीएनबी सीटों पर एमओयू साइन
पटना।। प्रदेशवासियों के बेहतर आंख इलाज के लिए राजधानी के राजेंद्र नगर में स्थित राजेंद्र नगर नेत्रालय में अब मेडिकल छात्रों के लिए पीजी की पढ़ाई भी शुरू की जायेगी. इसके लिए राजेंद्र नगर सुपरस्पेशलिस्ट ऑप्थैल्मिक साइंस सेंटर और नेशनल बोर्ड ऑफ एजुकेशन यानि एनबीई के बीच एमओयू साइन किया गया है. इस विषय में अधिक जानकारी देते हुए राजेंद्र नगर नेत्रालय के निदेशक डॉ अजीत कुमार द्विवेदी ने कहा कि राज्य में आंख चिकित्सा के लिए विख्यात राजेंद्र नगर नेत्रालय अब विश्वस्तरीय एकेडमिक इंस्टीट्यूट बन रहा है. जहां आंख के इलाज क साथ-साथ अब मेडिकल छात्रों के लिए पीजी की पढ़ाई भी इस साल से शुरू की जायेगी. उन्होंने यह भी बताया 16 ऑप्टोमेट्री स्टूडेंट्स को अब हर साल इंटर्नशिप की व्यवस्था भी की गयी है. इस मौके पर अस्पताल निदेशक डॉ अजीत, आशुतोष कुमार व जीरेश कुमार के साथ प्रभाकर सिन्हा और पीएचएफआई की टीम भी मौजूद थी.

दो सीटों पर नेशनल कोटा व दो सीटों पर स्टेट कोटा से होगा एडमिशन
अस्पताल निदेशक डॉ अजीत कुमार द्विवेदी ने यह भी बताया कि नेशनल बोर्ड ऑफ एजुकेशन के साथ चार सीटों पर एमओयू साइन में दो सीटों पर नेशनल कोटा से दाखिला लिया जायेगा. ताकि देश-विदेश के छात्रों को भी बिहार में आकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिल सकें. इसके अलावा दो सीटों पर स्टेट कोटा से एडमिशन की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

हर दिन 800 मरीजों का होता आंख का इलाज, डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ी
अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि राजेंद्र नगर अस्पताल में बेहतर ऑप्थैल्मिक व्यवस्था के कारण रोजाना 700 से 800 मरीज आते है. जिसके लिए हाल ही में विभाग की तरफ से डॉक्टर की संख्या भी बढ़ा कर 17 की गयी है. उन्होंने यह भी बताया कि हर दिन 80 से 100 मरीजों का मोतियाबिंद, दृष्टि सुधार, ग्लूकोमा, कॉर्निया प्रत्यारोपण और रेटिना संबंधित गंभीर बीमारियों का सफल इलाज भी किया जाता है.
pncb
