बिहार में परीक्षा सुधार के लिए बड़ा फैसला, हाईकोर्ट के जस्टिस हरीश कुमार की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति गठित
BPSC, BSSC, बिहार पुलिस समेत सभी भर्ती परीक्षाओं में सुधार की अनुशंसा करेगी समिति, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना
पटना, 01 सितंबर 2026 – बिहार सरकार ने राज्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में व्यापक सुधार के लिए बड़ा कदम उठाया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने आज अधिसूचना संख्या- 21/आयोग-11/2026, सा.प्र.-15954 जारी करते हुए परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति के गठन की घोषणा की है.

सरकार की अधिसूचना संख्या-15441, दिनांक 23.08.2026 की कंडिका-7 में यह प्रावधान किया गया था कि राज्य सरकार के अधीन विभिन्न परीक्षा बोर्डों, आयोगों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य भर्ती एजेंसियों के द्वारा ली जाने वाली परीक्षाओं में व्यापक परीक्षा सुधार की अनुशंसा हेतु एक विशेषज्ञ समिति बनाई जाएगी.
इसी के आलोक में महानिबंधक, उच्च न्यायालय, पटना के पत्रांक-78985, दिनांक-28.08.2026 द्वारा जस्टिस हरीश कुमार, उच्च न्यायालय, पटना को इस समिति के अध्यक्ष के रूप में मनोनयन हेतु प्रस्तावित किया गया था.

उक्त प्रस्ताव के आलोक में राज्य सरकार ने जस्टिस हरीश कुमार को परीक्षा सुधार विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष के रूप में अधिसूचित कर दिया है. यह आदेश बिहार राज्यपाल के आदेश से सरकार के सचिव द्वारा जारी किया गया है.
यह समिति BPSC, बिहार कर्मचारी चयन आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग, बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग सहित सभी भर्ती एजेंसियों की परीक्षा प्रणाली की समीक्षा कर सुधार की सिफारिश करेगी.

pncb
