बिहार में महंगाई की एक और मार, नई गाड़ियों के रेजिस्ट्रेशन पर लगेगा सेस

हरित जलवायु कोष में जमा होगा सेस

पटना।। पेट्रोल -डीजल के रेट में लगातार बढ़ोतरी और रसोई गैस-सीएनजी के रेट में बढ़ोतरी के बाद सरकार ने लोगों को महंगाई का एक और झटका दिया है. पटना में जदयू कार्यालय में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्य में नये वाहनों के निबंधन पर एक प्रतिशत का सेस लगाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन एवं लगातार बढ़़ते तापमान की समस्या आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है.




डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जलवायु परिवर्तन एवं बढ़़ते तापमान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई थी. उनकी दूरदर्शी सोच एवं संकल्प का ही परिणाम है कि ‘‘जल-जीवन-हरियाली अभियान’’ के माध्यम से बिहार में भू-गर्भ जलस्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्पष्ट किया है कि नीतीश कुमार की नीतियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा. इसी क्रम में बिहार सरकार द्वारा ‘‘बिहार हरित जलवायु कोष’’ के गठन का निर्णय लिया गया है. यह कोष राज्य में हरित आवरण बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को नियंत्रित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

नये वाहनों के निबंधन पर लगेगा सेस

उन्होंने बताया कि इस कोष हेतु विभिन्न स्रोतों से संसाधन जुटाए जाएंगे, जिनमें निविदाओं पर 0.25 प्रतिशत योगदान, नए वाहनों के निबंधन पर 1 प्रतिशत शुल्क तथा खनन पर 0.50 प्रतिशत राॅयल्टी सेस शामिल है. साथ ही काॅर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत भी स्वेच्छा से अंशदान किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज जलवायु परिवर्तन की समस्या से जूझ रही है. यदि समय रहते हम सभी इसके प्रति सचेत नहीं हुए तो भविष्य में तापमान वृद्धि और अधिक गंभीर रूप ले सकती है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार इस विषय पर शुरू से ही अत्यंत संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रही है, जिसे अब आगे बढ़ाने का कार्य मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कर रहे हैं.

प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की उस अपील का भी उल्लेख किया, जिसमें सार्वजनिक परिवहन एवं साझा वाहनों के अधिक उपयोग पर बल दिया गया है, ताकि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाई जा सके और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिले. उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ हम सभी को अपनी दैनिक जीवनशैली एवं आदतों में भी सकारात्मक बदलाव लाना होगा.

pncb

Related Post