अलंकार ज्वेलर्स डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक आठ अपराधी पुलिस के शिकंजे में

फुलवारी शरीफ: पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के घाना कॉलोनी स्थित अलंकार ज्वेलर्स में हुई चर्चित डकैती कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही अब तक इस कांड में कुल आठ अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

पटना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आकाश कुमार मालसलामी थाना क्षेत्र के सिमरी छोटकी मंदिर का रहने वाला है. उसकी गिरफ्तारी मुख्य आरोपी राहुल कुमार की निशानदेही पर की गई. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है.
गौरतलब है कि 19 अप्रैल 2026 को दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने अलंकार ज्वेलर्स में घुसकर पिस्टल के बल पर सोना और चांदी के आभूषण लूट लिए थे. घटना के बाद रामकृष्णानगर थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पहले पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया था. उनके पास से 1737 ग्राम चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाची और राइडर मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे.
इसके बाद पुलिस ने लल्लु कुमार उर्फ विशाल कुमार को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए थे. वहीं पुलिस दबाव बढ़ने पर इस कांड का मुख्य आरोपी राहुल कुमार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. राहुल कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आकाश कुमार को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है.




Ajit

Related Post