लोगों को आवागमन के लिये मिला वैकल्पिक मार्ग
मुख्यमंत्री ने किया नवीन किशोर सिन्हा पथ का शुभारंभ
पटना।। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) का लोकार्पण किया. पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 115.08 करोड़ रुपये की लागत से मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क बनाई गई है. नाले का जीर्णोद्धार कर इसे ढंका गया है और उसपर पथ का निर्माण कराया गया है. यह पथ इनकम टैक्स चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगा. इस पथ में आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरी नाला खुला रहने के कारण यह अव्यवस्थित एवं प्रदूषित था. इस क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी होती थी. मंदिरी नाला पर फोर लेन पथ का निर्माण कराया गया है जिससे यह क्षेत्र काफी सुंदर दिखने लगा है और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी. इस फोर लेन सड़क को जेपी गंगापथ से जोड़ा जाएगा. 31 मार्च, 2027 तक इसे पूर्ण करने का हमने निर्देश दिया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों को व्यवस्थित करने और उनके विकास के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं. पटना को और विकसित करने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं. गंगा नदी के दोनों तरफ शहर का विस्तार कराया जाएगा.66 हजार एकड़ में पाटलिपुत्र नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा. गंगा नदी के उस पार सोनपुर में हरिहरनाथ के नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में कई नालों पर पथों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि लोगों को आवागमन में सहूलियत हो. नाले की साफ-सफाई अच्छे ढंग से करना सुनिश्चित करें ताकि जलजमाव की कोई समस्या न हो. पटना मेट्रो रेल योजना को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि गंगा नदी में डेढ़ महीने के अंदर वाटर मेट्रो शुरू किया जाएगा. हमने अधिकारियों से कहा है कि अगले वर्ष जब स्व नवीन किशोर सिन्हा जी की जयंती मनाई जाए तब यहां उनकी मूर्ति लगाई जाए. उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर बिहार को विकसित बनाने का संकल्प लें और उस पर तेजी से काम करें. कार्यक्रम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने भी संबोधित किया.
pncb
