जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति जताया आभार
पटना।। जनकपुरधाम (नेपाल) से अयोध्या कैंट के बीच नई ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को रेल मंत्रालय द्वारा स्वीकृति प्रदान की गयी है. यह पहल भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच आवागमन को सुगम बनाएगी.

जनकपुरधाम और अयोध्या भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की आस्था से जुड़े दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं. इन दोनों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनकपुरधाम (नेपाल) से अयोध्या कैंट के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकपुरधाम और अयोध्या का भारत एवं नेपाल के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से गहरा संबंध है. जनकपुरधाम तथा अयोध्या विश्व भर में श्रद्धा का केंद्र है.

उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगा, इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और संवाद के नए अवसर सृजित होंगे. बता दें कि दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर के पत्र के जवाब में रेलमंत्री ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर के बीच ट्रेन परिचालन की अनुमति दी जा चुकी है और यह ट्रेन दरभंगा के शीशो और सीतामढ़ी होते हुए चलेगी.
pncb
