राजगीर में खिलाडियों के प्रैक्टिस के लिए फरवरी में तैयार हो जाएंगी 5 पिचें
स्टेडियम का मैदान एवं पवेलियन का कार्य पूर्ण हो गया है
स्टेडियम में 4 हाई मास्ट लाइट्स लगाईं जाएंगी
पटना।। राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में खिलाडियों के प्रैक्टिस के लिए पिच इस महीने के अंत तक तैयार हो जाएंगी. भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि प्रैक्टिस के लिए 5 पिचें फरवरी माह में तैयार हो जाएगी. 2 प्रैक्टिस पिचें लाल मिट्टी एवं 3 प्रैक्टिस पिच काली मिट्टी से बनाई जा रही है.


सचिव ने बैठक के दौरान राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम, बहुउद्देशीय हॉल एवं साइकिल वेलोड्रम के निर्माण कार्य की अपडेट स्थिति की जानकारी ली और इसमें तेजी लाने को लेकर अभियंता समेत संबंधित पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए.

इस स्टेडियम में 4 हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव है. सचिव ने कहा कि हाई मास्ट लाइट्स लगाने के लिए बीसीसीआई से सहमति प्राप्त कर लें, ताकि अंतर्राष्ट्रीय मैचों के दौरान कोई समस्या नहीं उत्पन्न हो. उन्होंने इस खेल परिसर में निर्माणा हो रहे 3 बहुउद्देशीय हॉल के कार्यों की समीक्षा की. हॉल का निर्माण जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया गया ताकि कई तरह के इंडोर खेलों का आयोजन किया जा सके. उन्होंने साइकिल वेलोड्रम का कार्य भी तेजी से पूर्ण करने का निदेश दिया. इसके अलावा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया गया.

बता दें कि राजगीर में मौजूद खेल परिसर मे करीब 18 एकड़ भूखण्ड पर निर्माण हो रहे क्रिकेट स्टेडियम का मैदान एवं पवेलियन के कार्य पूर्ण हो चुके हैं. स्टेडियम का तैयार क्षेत्र 52 हजार 318 वर्ग मीटर का है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस क्रिकेट मैदान और पवेलियन का लोकार्पण पहले ही कर चुके हैं. बीसीसीआई के मुख्य क्यूरेटर की देखरेख में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पिचें तैयार की गई हैं. यहां तैयार की गई 13 पिचों में 6 पिचें महाराष्ट्र के पुणे से मंगाई गई लाल मिट्टी और 7 पिचें बिहार के मोकामा की काली मिट्टी से तैयार की गई हैं.

राजगीर स्टेडियम में निर्माणाधीन जनरल स्टैंड वेस्ट (जी +2), जनरल स्टैंड ईस्ट (जी +2) एवं रिवर्स पवेलियन (जी +2) समेत बचे हुए अन्य सभी कार्यों के निर्माण में धीमी गति को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई. एजेंसी को कार्य में देरी को लेकर सख्त चेतावनी भी दी. अगर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण नहीं हुए, तो संबंधित कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही अगर मार्च तक काम पूरा नहीं हुआ, तो कंपनी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा.

बहाल कराई जा रही अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं
इस स्टेडियम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है. लगभग 40 हजार दर्शकों के बैठने की शानदार व्यवस्था की गई है. ताकि वे आराम से मैच का लुफ्त ले सकें. बारिश के मौसम में मैदान से पानी निकासी के लिए खास तरह की ड्रेनेज प्रणाली विकसित की गई है. क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सभी मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं. मुख्य पवेलियन में कोच और मैनेजर, खिलाड़ियों के परिजन एवं वीवीआईपी मेहमानों के लिए खास स्टैंड बनाए गए हैं. मीडिया कर्मियों और कमेंट्री के लिए अलग-अलग गैलरी तैयार की गई है. इसके अलावा प्लेयर्स लाउंज, अम्पायर लाउंज, प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम, वीआईपी सीटिंग रूम, ड्रेसिंग रूम, कोच रूम, फिजियो रूम, जिम, स्पा, थर्ड अम्पायर रूम, कॉन्फ्रेंस रूम, स्कोर रूम, कैमरा प्लेटफॉर्म, शौचालय सहित अन्य कई जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं. स्कोर बोर्ड, साउंड सिस्टम, वाटर सप्लाई, फायर अलार्म और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं भी तैयार की गई हैं.
pncb
