नगर आयुक्त द्वारा मंदिरी नाला एवं खटाल गली में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा
पटना।। नगर आयुक्त, पटना नगर निगम द्वारा आज मंदिरी नाला एवं खटाल गली क्षेत्र में संचालित नाला निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों के अनुपालन का गहन अवलोकन किया.

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर, गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना पूर्ण किए जाएँ. निरीक्षण के दौरान स्थल पर मौजूद व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

मंदिरी नाला का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है और जल्द की ये परियोजना जानता को समर्पित कर दी जाएगी. 1289 मीटर लंबी सड़क मंदिरी नाला के ऊपर बनायी जा रही है. इसके निर्माण से इनकम टैक्स की सीधी कनेक्टिविटी अशोकराज पथ से होगी जिससे इस इलाके के लोगों को एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा. परियोजना के अंतर्गत सर्विस रोड के साथ नाला एवं यूटिलिटी डक्ट की व्यवस्था है. नाला रख-रखाव हेतु रैम्प एवं डी-सिल्टिंग चैंबर का निर्माण किया जा रहा है, जबकि प्रभावी जल निकासी के लिए स्लूइस गेट लगाए जा रहे हैं. साथ ही सड़क के सौंदर्यीकरण के लिए स्ट्रीट लाइटिंग एवं लैंडस्केपिंग का कार्य भी किया जा रहा है.

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त द्वारा लेडीज़ स्टीफन हॉल के पीछे स्थित खटल गली में किए जा रहे सड़क सुधार एवं अन्य कार्यों का भी अवलोकन किया गया जहाँ क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से आर्टिस्टिक वॉल पेंटिंग, ग्रीन बेल्ट के विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं, जो शहरी सौंदर्यीकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है.
pncb
